ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा, जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए लगे भंडारे; उगापुर नहर में हुआ प्रतिमाओं का विसर्जन
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को गणपति बप्पा की विदाई के साथ पूरा भदोही भक्तिमय नजर आया। रिमझिम बारिश के बीच नगर के विभिन्न इलाकों से गणेश प्रतिमाओं के साथ निकली विसर्जन शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
स्टेशन रोड, चौरी रोड, रजपुरा, आनंद नगर, मेन रोड-कटरा बाजार, घमाहापुर और मामदेवपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से गणेश प्रतिमाएं लेकर समितियां मर्यादपट्टी स्थित एक्मा तिराहे पर पहुंचीं। यहां श्री गणेश पूजा महासमिति भदोही के कैंप में प्रतिमाओं की समितिवार नंबरिंग की गई। इसके बाद सभी प्रतिमाएं सामूहिक रूप से विसर्जन के लिए रवाना हुईं।
जगह-जगह हुआ भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
विसर्जन शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। मर्यादपट्टी, हरि मंदिर के पास, महादेव मंदिर,यूको बैंक के बगल में फ्रेंड्स क्लब और आनंद नगर समेत कई स्थानों पर प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
नगर पालिका ने लगाए कैंप
अजीमुल्ला चौराहा समेत प्रमुख स्थानों पर नगर पालिका परिषद की टीम सक्रिय रही। अजीमुल्ला चौराहा पर नगर पालिका की ओर से कैंप लगाया गया, जहां अधिशासी अधिकारी दया शंकर वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।
शाम 6 बजे मर्यादपट्टी एक्मा तिराहे से शुरू हुई शोभायात्रा हरि मंदिर, महादेव मंदिर, मेन रोड, अजीमुल्लाह चौराहा और तकिया कल्लन शाह होते हुए गाजिया ओवरब्रिज पहुंची। यहां से रजपुरा होते हुए गणेश प्रतिमाओं को उगापुर नहर ले जाया गया। नहर किनारे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती के बाद गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी।
शोभायात्रा में श्री गणेश पूजा महासमिति के अध्यक्ष अरविंद मौर्या, नगर पालिका परिषद पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल, विनीत बरनवाल, आशीष चौहान, अजय दुबे, रमेश सरोज, गिरधारी जायसवाल, अमित जायसवाल, प्रदीप विश्वकर्मा ‘दीपू’, प्रिंस गुप्ता, अजय चौहान, प्रदीप यादव, राहुल पांडेय, रोहित गुप्ता, विनय गुप्ता ‘सोनी’, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, राजकुमार शुद्धि समेत महासमिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
विसर्जन शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी और भदोही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय पुलिस बल के साथ मार्ग पर मौजूद रहे। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था संभाली गई।
शांतिपूर्ण माहौल में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ नगर में कई दिनों से चल रहा गणेश उत्सव संपन्न हो गया।
