मिशन शक्ति की पहल से बढ़ा छात्रा का आत्मविश्वास, बोलीं—पुलिस अधिकारी बनकर करूंगी समाज की सेवा
आगरा से संवाददाता लक्की दिवाकर
आगरा। हाथों में जिम्मेदारी का एहसास, आंखों में भविष्य के सपने और दिल में समाजसेवा का जज्बा। मिशन शक्ति के तहत कक्षा आठ की छात्रा तान्या सोनी को थाना मदन मोहन गेट का एक दिन का सांकेतिक प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बनाया गया। थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर तान्या ने थाने की कार्यप्रणाली समझी और फरियादियों की समस्याएं सुनने का अनुभव हासिल किया।
आदर्श जूनियर हाईस्कूल, मोती कटरा की छात्रा तान्या सोनी को यह अवसर देकर पुलिस ने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। थाना परिसर में महिला उपनिरीक्षक रीता ने तान्या का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह भाटी ने उन्हें थाने का निरीक्षण कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराया।
फरियादियों की समस्याएं सुनने का मिला अवसर
थाने में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे तो तान्या को उनकी शिकायतों और समाधान की प्रक्रिया से भी रूबरू कराया गया। एक दिन के इस अनुभव ने उन्हें पुलिस की जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर दिया। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
बोलीं—पुलिस अधिकारी बनकर बढ़ाऊंगी नारी शक्ति का सम्मान
जब तान्या से पूछा गया कि थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है और भविष्य में वह क्या बनना चाहती हैं, तो उन्होंने उत्साह के साथ कहा कि यह उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस कुर्सी पर बैठने का मौका मिला। उनका सपना पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना और नारी शक्ति के सम्मान को आगे बढ़ाना है।
तान्या का सपना, दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा
मिशन शक्ति की यह पहल बालिकाओं के भीतर छिपी नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को सामने लाने का माध्यम बनी। पुलिस अधिकारी बनने का सपना संजोए तान्या के लिए यह दिन यादगार रहा। कार्यक्रम में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह भाटी, एसएस विश्वेश्वर पवार, उपनिरीक्षक शुभम, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, महिला उपनिरीक्षक रीता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
