एसपी प्राची सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह
अंबेडकर नगर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित मेले में उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिचय देने वाले ग्राम प्रहरी (चौकीदार) जागरूप यादव को पुलिस अधीक्षक अंबेडकर नगर प्राची सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, हंसवर थाना क्षेत्र के लंगर तीर घाट पर आयोजित कार्तिक पूर्णिमा मेले में ग्राम प्रहरी जागरूप यादव ने निर्धारित वर्दी में पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच उन्होंने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले के सुचारु संचालन में सराहनीय योगदान दिया।
उनकी कर्तव्यपरायणता और अनुशासित कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि पुलिस व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने जागरूप यादव की सतर्कता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सम्मान से पुलिस विभाग में समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन हुआ।
