किले की शाही भव्यता के बीच आयुष दुबे ने थामा प्रतीका का हाथ, नैनागढ़ पैलेस में यादगार बना विवाह
सजी-धजी विंटेज कार में निकले दूल्हे राजा, शाही बारात में झूमे बाराती; पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी और महाराष्ट्र के शिवसेना नेता समेत कई हस्तियां पहुंचीं, विकास तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार से संपन्न कराया विवाह
संवाददाता प्रिन्स गुप्ता भदोही
भदोही। ऐतिहासिक किले जैसी भव्यता और राजसी परिवेश के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र दुबे के भतीजे एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री आयुष दुबे बुधवार, 25 नवंबर को प्रतीका शुक्ला के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। मिर्ज़ापुर चुनार स्थित नैनागढ़ पैलेस में आयोजित विवाह समारोह में शाही ठाठ-बाट देखने को मिला। दिन में सजी-धजी विंटेज कार में सवार होकर दूल्हे राजा बारात लेकर निकले। बारातियों ने नाचते-गाते खुशियां मनाईं। किले की भव्यता, आकर्षक सजावट और राजसी इंतजाम ने आयोजन को यादगार बना दिया।
नैनागढ़ पैलेस का किलेनुमा स्वरूप, महलनुमा प्रवेश द्वार और भव्य परिसर मेहमानों के आकर्षण का केंद्र रहा। विवाह की रस्में काशी विद्वत परिषद के पूर्व अध्यक्ष विकास तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराईं। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में उत्साह रहा। दूल्हे की बहनों ने भी भाई की शादी की रस्मों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह में पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी के.एन. सिंह, महाराष्ट्र के शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता आनंद दुबे, देवेंद्र दुबे, प्रमोद पाठक, अखंड प्रताप सिंह, मनीष तिवारी, अधिवक्ता धनंजय मिश्रा, प्रिंस गुप्ता, सुशील मिश्रा और राजकुमार सरोज समेत राजनीति, उद्योग एवं सामाजिक जगत की कई हस्तियों ने शिरकत की। अतिथियों ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
निमंत्रण पत्र के अनुसार आयुष दुबे, निधि दुबे एवं विकास दुबे के सुपुत्र तथा स्व. शिवानंद दुबे एवं स्व. सावित्री दुबे के पौत्र हैं। वहीं प्रतीका शुक्ला, निशा शुक्ला एवं स्व. श्रीधर शुक्ला की सुपुत्री तथा स्व. श्रीनारायण शुक्ला एवं स्व. झिंका देवी की पौत्री हैं। शाही बारात, वैदिक परंपराओं और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने इस विवाह समारोह को दुबे और शुक्ला परिवार के लिए यादगार बना दिया।
