संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। औराई चौराहे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बाइक सवार उछलकर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल औराई ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान हृदय नारायण उर्फ राजू (38) पुत्र राजनारायण विश्वकर्मा, निवासी कठारी (सहसेपुर), के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार राजू मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करता था। परिवार में चाची शांति देवी के निधन के बाद वह गांव आया हुआ था। गुरुवार रात औराई से वापस घर लौटते समय मिर्जापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू उछलकर डिवाइडर से जा टकराया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
