कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय नजरबंद, कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन, कई हिरासत में
अयोध्या ।
अयोध्या में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को नजरबंद किए जाने के बाद अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अयोध्या धाम के टेढ़ी बाजार चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना दिया।

इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।जानकारी के अनुसार, अजय राय सहित कांग्रेस के कई नेताओं को पहले ही नजरबंद कर दिया गया था। आज उनका कार्यक्रम रामलला के दर्शन करने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का घेराव करने का था।
उधर, नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने भी कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि अजय राय को विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में नजरबंद रखा गया है। पूरे घटनाक्रम को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
