लेखराज कौशल
हापुड़ । जिला प्रशासन कावड़ यात्रा को लेकर कितनी भी व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर दुरुस्त कराने का दावा कर लें। लेकिन धरातल पर हर वर्ष की भांति व्यवस्थाएं चरमराई हुई ही हैं। यह हम नहीं कह रहे, यह सब तस्वीरें बयां कर रही हैं। कांवड़ यात्रा सिर पर है, लेकिन शहर की सबसे व्यस्त और प्रमुख फ्रीगंज रोड की बदहाल तस्वीर प्रशासनिक तैयारियों की हकीकत बयां कर रही है।

तहसील चौराहे से लेकर पटेल स्कूल तक नालों में वर्षों से जमी गंदगी और ब्लॉकेज के कारण हालात ऐसे हैं कि हल्की सी बारिश होते ही नाले उफन पड़ते हैं। गंदा पानी और कीचड़ सड़क पर फैल जाता है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ आगामी कांवड़ यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
नगर पालिका की खानापूर्ति
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका केवल खानापूर्ति के नाम पर नालों की ऊपरी सफाई कर रही है, जबकि गहराई तक जमी सिल्ट और कचरा जस का तस पड़ा हुआ है। सबसे गंभीर स्थिति आशीर्वाद अस्पताल के आसपास है, जहां नालों को कई स्थानों पर पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नतीजा यह है कि बरसात का पानी निकासी न मिलने से सीधे सड़क पर भर जाता है और पूरा इलाका बदबू तथा कीचड़ से भर जाता है।
नगर पालिका पर उठे सवाल
कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से पहले भी नगर पालिका की सुस्त कार्यशैली लोगों के निशाने पर है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की गहराई से सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो कांवड़ मार्ग पर गंभीर अव्यवस्था पैदा हो सकती है।
जाम भी बड़ी वजह
सिर्फ नाले ही नहीं, फ्रीगंज रोड पर बेतरतीब खड़े वाहन, ई-रिक्शा और मयूरी वाहनों का जमावड़ा भी जाम की बड़ी वजह बना हुआ है। सड़क किनारे रेहडी-पटरी वालों के बढ़ते कब्जे ने पैदल चलने तक की जगह नहीं छोड़ी है। ऐसे में कांवड़ियों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यातायात व्यवस्था का पूरा जिम्मा कई स्थानों पर केवल होमगार्ड के भरोसे दिखाई देता है, जबकि यातायात पुलिसकर्मी नदारद नजर आते हैं। इससे चौराहों पर जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है और आम जनता घंटों परेशान होती है।
नागरिकों की मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले फ्रीगंज रोड के नालों की युद्धस्तर पर गहराई से सफाई कराई जाए, अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो तथा यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी असुविधा झेलनी पड़ सकती है और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल।
