परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का लगाया आरोप, गांव में आक्रोश।
Police Darpan News
पीलीभीत।जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र के हरहरपुर धुरा गांव में छह दिन से लापता चल रहे 20 वर्षीय युवक का शव गन्ने के खेत से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर शव खेत में फेंकने का आरोप लगाया है।

गांव निवासी शिवकुमार एक जून की सुबह घर से शौच के लिए निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसी दिन अमरिया थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार सुबह खेत मालिक प्रेमपाल अपने गन्ने के खेत पर पहुंचे तो उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। ग्रामीणों के साथ तलाश करने पर खेत के अंदर शिवकुमार का सड़ा-गला शव पड़ा मिला।

शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि 20 मई को गांव के एक पोल्ट्री फार्म में आग लगने की घटना को लेकर शिवकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। एक जून को दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत होनी थी, लेकिन उसी दिन शिवकुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नताशा गोयल, अमरिया पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी नताशा गोयल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है।
