कांवड़ मार्गों की कमियां दूर, सफाई और मरम्मत कार्य कराया पूरा हुआ:जिलाधिकारी
लेखराज कौशल
हापुड़। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी कविता मीना स्वयं लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की तत्परता के चलते ग्राम बड़ौदा सियानी एवं देहपा मंदिर के कांवड़ मार्गों पर सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा करा दिया गया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया और मिली कमियों का तत्काल समाधान कराया। मार्गों पर साफ-सफाई कराई गई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई गई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की जाए।
प्रशासन के अनुसार जनपद के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर भी तेजी से तैयारियां चल रही हैं। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि यात्रा शुरू होने से पहले प्रत्येक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का लाभसके।
