संवाददाता : भदोही
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, कांवड़ यात्रा की यातायात व्यवस्था, हिट एंड रन मामलों के त्वरित निस्तारण तथा विद्यालयी परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को सहायता राशि का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थानों एवं यातायात इकाइयों में योजना से संबंधित सूचना बोर्ड प्रदर्शित करने को भी कहा।
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक यातायात एवं सुरक्षा प्रबंध समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे।
परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने बार-बार ओवरस्पीडिंग अथवा अत्यधिक चालान वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए।
विद्यालयी परिवहन सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक एवं परिचालकों के चरित्र सत्यापन तथा पुलिस सत्यापन सहित सभी आवश्यक अभिलेखों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और परिवहन संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आमजन के बीच यातायात जागरूकता अभियान लगातार चलाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
