लेखराज कौशल
हापुड़। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में अधिकारियों ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। जिलाधिकारी और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और शांति व्यवस्था हर हाल में बनी रहे।
अधिकारियों को प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा भीड़ वाले स्थानों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
