पीलीभीत।जनपद के तहसील कलीनगर क्षेत्र के ग्राम टांडा छत्रपति निवासी कीर्ति देवी पत्नी सूरज ने पूरनपुर पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला अपने दो दुधमुंहे बच्चों के साथ तहसील पहुंची और शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने गांव में हो रही अवैध कच्ची शराब की बिक्री की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत के बाद शराब कारोबार से जुड़े लोग उनसे रंजिश मानने लगे और पुलिस से मिलीभगत कर उनके खिलाफ झूठी शिकायत कर दी। कीर्ति देवी के अनुसार, कुछ दिन पहले पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और मुख्य दरवाजे से प्रवेश करने के बजाय दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आए। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मी उस समय शराब के नशे में थे और घर में घुसते ही गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर पुलिस ने उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। महिला का दावा है कि मारपीट के दौरान पुलिस के डंडे से उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया।
घटना के समय घर में मौजूद उनके दो छोटे बच्चे भी डर और दहशत के माहौल में रोते-बिलखते रहे। पीड़िता का आरोप है कि पूरे परिवार को बेवजह प्रताड़ित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, मेडिकल परीक्षण और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
वही पुलिस क्षेत्राधिकारी पूरनपूर का कहना है कि महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर उसके पति को पूछताछ हेतु पुलिस द्वारा लाया गया था। पुलिस पर लगाए जा रहे अन्य आरोपों के संबंध में मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

