बांदा । “योग भारत की प्राचीन परंपरा ही नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार भी है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सेंट मैरी स्कूल मैदान में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, जिलाधिकारी अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू समेत जिले के तमाम अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।”

बांदा के सेंट मैरी स्कूल मैदान में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सुबह से ही लोगों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में योग को मानवता के लिए भारत का अमूल्य उपहार बताते हुए इसके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला तथा देशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली की कुंजी है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उसे जन-जन तक पहुंचाना रहा।
अरविन्द सिंह गौतम (बांदा)
मो :- 9918790450
