बिजनौर । चांदपुर में 50 दिन पहले शादी हुई एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां लक्ष्मी देवी ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सोनम (22 वर्ष) पत्नी टीकाराम सिंह के रूप में हुई है।

यह घटना बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र की है। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी कन्हैया सिंह ने अपनी बेटी सोनम का विवाह 30 अप्रैल 2026 को चांदपुर के मोहल्ला काजीजादगान निवासी टीकाराम से किया था। मंगलवार शाम को सोनम की मौत की खबर मायके पहुंची, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन चांदपुर पहुंचे तो सोनम को मृत पाया।
मां लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग कर रहा था। उनके अनुसार, 22 जून 2026 को उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। सोनम को चांदपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार शाम को उसकी मौत हो गई। मां ने पति, सास और देवर पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक चांदपुर राहुल सिंह ने विवाहिता की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सूचना मिली कि सोनम की धनवंतरी अस्पताल में मृत्यु हो गई है। जांच में सामने आया कि सोनम को उसके पति द्वारा 22 जून 2026 को सैलफास की गोली खाने के बाद संदिग्ध हालत में धनवंतरी अस्पताल, धनौरा फाटक, चांदपुर में भर्ती कराया गया था। 23 जून 2026 को शाम लगभग 6:00 बजे सोनम की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने तत्काल शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के परिजनों से प्राप्त शिकायत पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
