बच्चों ने पुलिसकर्मियों के साथ मनाया पर्व, एसीपी ने यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
संवाददाता, पुलिस दर्पण | गाजियाबाद
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर 28 अगस्त 2026 को शालीमार गार्डन थाना परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी अवधेश कुमार त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान थाने पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ नन्हे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों और महिला पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह, सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। एसीपी अतुल कुमार सिंह और थाना प्रभारी अवधेश कुमार त्रिपाठी ने बच्चों को सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित स्थान से सड़क पार करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

