बरेली । अलीगंज आंवला मार्ग पर इस्माइलपुर के पास स्थित एथेनॉल व बीयर फैक्ट्री के बाहर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री से मवेशियों का चारा (खल) लेकर निकले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने अचानक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकाला ।

जानकारी के अनुसार, जनपद संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ अंतर्गत मिल्क देवरा खास निवासी अतर सिंह पुत्र भगवानदास ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर इस्माइलपुर स्थित एथेनॉल और वीयर वाली फैक्ट्री खल लेने आया था वह फैक्ट्री से मवेशियों को खिलाने वाली खल बाय-प्रोडक्ट ट्रॉली में भरकर लगभग 12 बजे रात्रि वापस लौट रहा था जैसे ही वह फैक्ट्री के मुख्य गेट से बाहर निकलकर सड़क पर आया, तभी अचानक सामने एक आवारा पशुओं को बचाने के चक्कर में चालक अतर सिंह ने ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो दिया। भारी-भरकम ट्रॉली के दबाव के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा और पलट गया हादसा इतना भीषण था कि चालक अतर सिंह ट्रैक्टर के मलबे के नीचे बुरी तरह दब गया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मौके पर मौजूद फैक्ट्री कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर भारी होने के कारण पुलिस ने तुरंत जेसीबी मशीन को मौके पर बुलवाया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा कर नीचे दबे अतर सिंह के शव को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर तुरंत उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही चालक के घर में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन बरेली के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है।
