शास्त्र तिवारी, मंडल प्रभारी ‘पुलिस दर्पण‘
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद अंतर्गत *थाना इकौना क्षेत्र* में दिनदहाड़े टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पड़ोसी जिले बहराइच के पयागपुर निवासी पीड़ित व्यापारी *राजेश कुमार जायसवाल* की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक शातिर अपराधी ने गल्ले का काउंटर तोड़कर *1.5 लाख रुपये नकद* पार कर दिए। व्यापारी की महज चंद मिनटों की असावधानी का फायदा उठाकर आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पयागपुर (बहराइच) निवासी व्यापारी राजेश कुमार जायसवाल इकौना स्थित अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। शातिर ने भारी मात्रा में चावल खरीदने की बात कहकर व्यापारी को अपनी बातों में उलझा लिया और सामान देखने के लिए गोदाम भेज दिया।
जैसे ही राजेश जायसवाल गोदाम की ओर बढ़े, आरोपी ने पलक झपकते ही गल्ले का काउंटर तोड़ दिया और उसमें रखी 1.5 लाख रुपये की नकदी समेट ली। व्यापारी जब तक गोदाम से सामान देखकर लौटे, तब तक आरोपी दूर निकल चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही *थाना इकौना पुलिस* की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी राजेश जायसवाल की तहरीर के आधार पर पुलिस आसपास की दुकानों और मुख्य रास्तों पर लगे *सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज* खंगाल रही है ताकि शातिर टप्पेबाज की पहचान की जा सके। इकौना पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
