
पुलिस लाइन ज्ञानपुर में पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र पाकर खिले बच्चों के चेहरे, तालियों से बढ़ा उत्साह
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण के भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीतने वाले 11 बाल कलाकारों को शुक्रवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर में सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में जब बच्चों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए गए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने अपनी मासूम अदाओं और शानदार नृत्य से माहौल को भक्तिमय बना दिया था। कोई राधा के रूप में सजा नजर आया तो किसी ने कान्हा की भूमिका में प्रस्तुति दी। ‘बरसाने की छोरी’, ‘राधा कैसे ना जले’, ‘राधे-राधे गोकुल की राधा चले’, ‘जब कान्हा ने बंसी बजाई’ और ‘आज राधा को श्याम याद आ गए’ जैसे गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरी थीं।
पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान वही नन्हे कलाकार एक बार फिर आकर्षण का केंद्र रहे। पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र पाकर बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। परिजनों के चेहरे पर भी बच्चों की उपलब्धि को लेकर खुशी नजर आई। एसपी अभिनव त्यागी ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि छोटी उम्र में मंच पर प्रस्तुति देना उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने में मदद करता है।
सम्मानित होने वाले बाल कलाकारों में आव्या यादव, अर्पिता, जान्वी, पाखी, आराध्या मौर्या, ईशा सिंह, आंचल, वैश्वनी साहू, भाव्या सिंह, सृष्टि राज और सान्वी शामिल रहीं। बच्चों की प्रस्तुतियों को याद करते हुए पुलिस विभाग की ओर से उनके उत्साहवर्धन के लिए यह सम्मान दिया गया।
