
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़, सेवा संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
ज्ञानपुर (भदोही), 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार शाम ज्ञानपुर का ऐतिहासिक ज्ञान सरोवर 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। सिद्धपीठ बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान-2026 का शुभारंभ हुआ। दीपों से सजी सरोवर की सीढ़ियां देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही ज्ञान सरोवर की सीढ़ियों पर एक साथ हजारों दीप जल उठे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ दीपदान में हिस्सा लिया। दीपों की कतारों से पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा और मनमोहक दृश्य दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ‘जन सेवा से देश सेवा’ और ‘सेवा-समर्पण, सशक्तिकरण-समृद्धि’ का संदेश दिया गया। आयोजकों ने लोगों से सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक भवनों, ग्रामीण क्षेत्रों के घरों और विभिन्न संस्थानों में भी दीप जलाए गए। ज्ञान सरोवर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी में सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिखाई दिया।
