अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के पीछे सड़क पर जलभराव से श्रद्धालु बेहाल
जल निकासी व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी, नगर निगम से तत्काल समाधान की मांग

अयोध्या। विश्व प्रसिद्ध रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर किए जा रहे विकास कार्यों के बीच अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय से मणि पर्वत जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पीछे से मणि पर्वत एवं तीर्थ क्षेत्र पुरम की ओर जाने वाला यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। मणि पर्वत के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी रास्ते से गुजरते हैं, वहीं आसपास के निवासी भी रेलवे स्टेशन तक आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन सीवर और नालियों के अभाव में सड़क पर लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदा पानी न केवल आवागमन में बाधा बन रहा है, बल्कि इससे संक्रमण फैलने और दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने अयोध्या नगर निगम के महापौर, नगर आयुक्त एवं क्षेत्रीय पार्षद से मांग की है कि तत्काल नगर निगम की मशीनों से सड़क पर भरे पानी की निकासी कराई जाए। साथ ही इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सीवर लाइन एवं जल निकासी व्यवस्था का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
