
बुलंदशहर। पंजाबी डेयरी पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 700 किलो पनीर के सैंपल लिएबुलंदशहर। खाद्य विभाग की टीम ने शिकारपुर स्थित पंजाबी डेयरी पर छापेमारी की। टीम को डेयरी में करीब 700 किलो पनीर का भंडारण मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के विभिन्न नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
बताया जा रहा है कि डेयरी में बड़ी मात्रा में पनीर के भंडारण की सूचना खाद्य विभाग को मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
मुख्य खाद्य अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में मिलावट या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी के मुताबिक, हानिकारक रसायन पाए जाने पर संबंधित उत्पाद को जब्त कर नष्ट कराया जाएगा। दोषी पाए जाने पर डेयरी का फूड लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। वहीं, हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी होगी।
