
ब्यूरो रामकुमार कानपुर देहात
रसूलाबाद (कानपुर देहात): थाना रसूलाबाद पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए एक ग्रामीण के फंसे हुए रुपये वापस कराकर उसके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।
ग्राम भैंसाया निवासी रामखेलावन पुत्र स्व. सोनेलाल के साथ बीते दिनों साइबर ठगों ने 47,999 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली थी। खाते से रुपये कटने की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल थाना रसूलाबाद में स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रसूलाबाद पुलिस व साइबर टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंक और पेमेंट गेटवे से पत्राचार कर ठगी की रकम को होल्ड कराया। पुलिस के निरंतर प्रयासों के चलते पीड़ित के 24,999 रुपये सफलतापूर्वक उसके बैंक खाते में वापस (रिफंड) करा दिए गए हैं।
थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंक डिटेल या पिन साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड होता है, तो वे बिना देरी किए 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।
