आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
महापौर ने खराब दो भट्टियां जल्द ठीक कराने का दिया भरोसा, पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्युत शवदाह को बढ़ावा देने पर जोर
आगरा । श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित ताजगंज विद्युत शवदाहगृह (विद्युत मोक्षधाम) में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय को वातानुकूलित (एसी) बना दिया गया है। रविवार को इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह में महापौर ने नगर निगम की ओर से विद्युत शवदाहगृह की खराब पड़ी दो भट्टियों को शीघ्र ठीक कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्युत शवदाहगृह के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से इसके अधिकाधिक उपयोग पर बल देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील भी की।
प्रतीक्षालय को वातानुकूलित बनाने में समाजसेवी श्याम बाबू बंसल, डॉ. सुशील गुप्ता विभव तथा रामलीला कमेटी के नरेश जैन का विशेष सहयोग रहा। मोक्षधाम परिसर स्थित सत्संग हॉल में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने विद्युत शवदाहगृह को पर्यावरण हितैषी बताते हुए इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सुझाव दिया कि धार्मिक कथाओं के दौरान व्यासपीठ से भी विद्युत शवदाहगृह के उपयोग का संदेश प्रसारित किया जाए, ताकि लोगों में इसके प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।

पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने विद्युत शवदाहगृह की स्थापना से लेकर इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए बजाजा कमेटी द्वारा किए गए प्रयासों और विभिन्न आयोजनों की जानकारी दी। मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि वर्तमान में आगरा में लगभग 50 प्रतिशत अंतिम संस्कार विद्युत शवदाहगृह में हो रहे हैं, जबकि अन्य जिलों में स्थापित कई विद्युत शवदाहगृह लगभग बंद होने की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि आगरा का विद्युत शवदाहगृह निरंतर सुचारु रूप से संचालित होना बजाजा कमेटी की समाज में विश्वसनीयता का प्रमाण है।
समारोह में बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्युत शवदाहगृह प्रभारी संजीव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, ओम टंडन, महासचिव राजीव अग्रवाल, समाजसेवी जगदीश बागला, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल सहित बजाजा कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
