आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा, 19 जुलाई। थाना कोतवाली पुलिस ने नकली औषधियों के निर्माण और कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर औषधि लाइसेंस की आड़ में नकली दवाओं को असली बताकर उनके निर्माण, भंडारण और बिक्री का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को औषधि निरीक्षक नीलेश शर्मा (इटावा) की शिकायत पर सुरेंद्र गुप्ता, मयंक गुप्ता, अन्नू अरोड़ा और संयम अरोड़ा के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 34/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि सभी ने षड्यंत्र के तहत नकली दवाओं का कारोबार कर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया।
मामले की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर गठित पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र गुप्ता निवासी अमिता विहार, कर्मयोगी, थाना कमलानगर को 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंकित तोमर, हेड कांस्टेबल शैलेश कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार तथा महिला कांस्टेबल कीर्ति शर्मा शामिल रहे। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
