बिजनौर । चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाइपुरा उर्फ जूझारपुरा में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला चर्चा में है। पुलिस जांच में पत्नी पर पति की हत्या करने का आरोप सामने आया है।

मामले में सबसे अहम जानकारी मृतक के 5 वर्षीय बेटे के बयान से मिली है। जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय कुमरसेन की शादी करीब सात वर्ष पहले 25 वर्षीय कमेंद्री से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि महिला के अपने पति के रिश्तेदार गौतम से संबंध थे, जिसका कुमरसेन विरोध करता था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि विवाद के बाद महिला ने सोते समय पति पर लोहे की रॉड से हमला किया और फिर उसकी जान ले ली।
बाद में परिजनों को तबीयत खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचने पर कुमरसेन मृत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो चोट के निशान दिखाई दिए। जांच के दौरान मृतक के 5 वर्षीय बेटे हिमांशु ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी।
इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
