फन्दपुरी पुलिस की चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप, हेलमेट पहनने की दी नसीहत
सहारनपुर ।
शुक्रवार को फन्दपुरी चौकी पुलिस ने राजबाहे की पुलिया पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

चेकिंग के दौरान कुछ वाहन चालक पुलिस को देखकर इधर-उधर के रास्तों से निकलते और वापस लौटते नजर आए। हालांकि पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच करते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी गई। चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार ने कहा कि हेलमेट दुर्घटना के समय जीवन रक्षक साबित होता है। उन्होंने वाहन चालकों से वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ अनुपालन करने की अपील की।पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
