ब्यूरो चीफ अवधेश कुमार
संभल / बबराला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तिरंगा झंडे के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान बुलडोजर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू चौधरी एवं पूर्व मंत्री अजीत कुमार के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल हुए। वाहनों को तिरंगे झंडों से सजाया गया था। देशभक्ति के नारों और तिरंगे झंडों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

यात्रा बबराला से बैरपुर महाराजी तक निकाली गई। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा में शामिल बुलडोजर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने रहे। बुलडोजरों पर भी तिरंगे झंडे लगाए गए थे। पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस दौरान लोकेश शर्मा, डॉ. मनोज यादव, ब्लॉक अध्यक्ष दानवीर कुशवाहा, रोशन सिंह यादव, अजीत कुमार शर्मा, प्रेम शर्मा, रामवीर मौर्य, हरिकिशन यादव, हरिराम, भुवनेश,जितेंद्र यादव,सतीश शर्मा,अखिलेश शर्मा,कृष्णेंद्र यादव, हरिओम यादव, सत्यपाल सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
