प्रिंस गुप्ता मंडल प्रभारी, पुलिस दर्पण
भदोही। नगर में मंगलवार को सुबह हुई तेज बारिश ने भदोही शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी। करीब दो घंटे की बारिश के बाद शहर के कई इलाके पानी में डूब गए। स्टेशन रोड, राजपुरा चौराहा, अज़ीमुल्ला चौराहा, मेन रोड,मर्यादपट्टी, भदोही कोतवाली, डाकघर परिसर और मुख्य बाजार सहित कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का सबसे ज्यादा असर महाराजा बलवंत सिंह (एमबीएस) राजकीय अस्पताल में देखने को मिला। अस्पताल परिसर के साथ कुछ वार्डों में भी पानी भर गया, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों को काफी दिक्कत हुई। सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और मोटर लगाकर पानी निकालने का काम शुरू कराया। सीएचसी परिसर में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।

स्टेशन रोड से लेकर फूलन देवी चौराहे तक सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में धीरे-धीरे चलते दिखाई दिए, जबकि कई जगह पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कुछ दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भी नुकसान की आशंका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश में शहर का यही हाल हो जाता है। उनका आरोप है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी शहर जलमग्न हो जाता है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बारिश के बाद नगर पालिका की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि नालों की नियमित सफाई कराई जाए और शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि हर वर्ष बरसात में लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।
