कोरवा गांव के श्रद्धालुओं से भरा था वाहन, चीख-पुकार से गूंजा कुंवरपुर रोड
निर्मित द्विवेदी डिवीजन हेड पुलिस दर्पण प्रयागराज
फतेहपुर। रविवार की सुबह बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। कुंडा स्थित मानगढ़ श्री कृपालु धाम के दर्शन को निकले श्रद्धालुओं का लोडर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार लोडर पहले खंदक में उतरा और फिर पीपल के पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में सवार करीब दो दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह 10 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के कोरवा गांव के लोग लोडर से कुंडा के कृपालु धाम जा रहे थे। अलियाबाद गांव के पास कुंवरपुर रोड पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। लोडर सड़क छोड़कर खंदक में जा गिरा और सामने खड़े पीपल से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से फतेहपुर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल भिजवाया। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
ये हुए घायल
हादसे में शीलू देवी पुत्री मुन्ना, निशा पुत्री मुन्ना, छाया देवी पुत्री झल्लर, नैना पुत्री नरेश, प्रीति पुत्री कल्लू, छुटकी देवी पुत्री कल्लू, उमेरी पत्नी मुन्ना सहित लगभग 24 लोग घायल हुए हैं। सभी कोरवा गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
