भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपद में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, नगर निकायों और स्कूल-कॉलेजों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने का बड़ा अभियान है।

डीएम ने बताया कि इस वर्ष का अभियान ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती को समर्पित है। इसलिए अभियान के दौरान होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अभियान के दौरान जिले में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिता, प्रदर्शनी और “सेल्फी विद तिरंगा” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम होंगे, जबकि सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों, अस्पतालों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को तिरंगा थीम से सजाया जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त व्यवस्था की जाए और लोगों को भारतीय ध्वज संहिता के नियमों की जानकारी भी दी जाए। साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से किया जाए।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, कैण्डिल मार्च और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभाजन के समय भारत आए परिवारों को अपने अनुभव और उस दौर से जुड़ी सामग्री साझा करने के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
