अयोध्या। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता चुने जाने के बाद पूज्य महंत संजय दास जी महाराज के सम्मान में बड़ा भक्तमाल पीठ में भव्य पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में अयोध्या सहित विभिन्न अखाड़ों और धार्मिक पीठों के प्रमुख संत-महात्माओं ने सहभागिता कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

पत्रकार वार्ता में निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत मुरली दास जी महाराज, जगद्गुरु डॉ. राघवाचार्य जी महाराज, रसिक पीठाधीश्वर श्रीमहंत जन्मेजय शरण जी महाराज, प्राचार्य डॉ. महेश दास जी महाराज, निर्वाणी अनी महासचिव महंत सत्यदेव दास जी महाराज, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास जी महाराज, महंत उपेंद्र दास जी महाराज तथा कार्यक्रमाध्यक्ष बड़ा भक्तमाल पीठाधीश्वर स्वामी अवधेश कुमार दास जी महाराज सहित बड़ी संख्या में साधु-संत उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित संतों ने महंत संजय दास जी महाराज को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता चुने जाने पर बधाई देते हुए इसे संत समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व और अनुभव से अखाड़ा परिषद की बातों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जाएगा तथा सनातन धर्म और संत समाज से जुड़े मुद्दों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान संत समाज में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। उपस्थित संतों ने एकजुट होकर महंत संजय दास जी महाराज के सफल कार्यकाल की कामना की और कहा कि यह दायित्व अयोध्या की धार्मिक परंपरा और संत समाज के सम्मान को नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
