ब्यूरो पुलिस दर्पण, अयोध्या
अयोध्या। अयोध्या में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन अयोध्या में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों अधिकारियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा की कामना की। इसके बाद जन्माष्टमी उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों के बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। भजन, भक्ति गीत, समूह नृत्य और कृष्ण लीला की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सभी अधिकारियों एवं अतिथियों ने सराहना की।
