आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
हजारों महिलाओं ने लिया बेटी-बहू सम्मेलन में हिस्सा
महिला सुरक्षा कानून, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, बुजुर्ग माताओं व महिलाओं का किया गया सम्मान
आगरा। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को आगरा के ताजगंज में मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत आयोजित “बेटी-बहू सम्मेलन” ऐतिहासिक बन गया। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के तत्वावधान एवं ग्रीन फील्ड स्कूल, ताजगंज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली। सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा, कानून, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान की केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रियंका यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न, छेड़छाड़ या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने का आह्वान किया।
इस दौरान उपनिरीक्षक रामचंद्र अरुण एवं महिला उपनिरीक्षक करिश्मा सिंह ने महिलाओं को हेल्पलाइन 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित अन्य सरकारी योजनाओं एवं सुरक्षा कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्रीन फील्ड स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रितु अग्रवाल एवं श्री संजय अग्रवाल रहे। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन की ओर से सभी पुलिस अधिकारियों एवं अतिथियों का पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन में महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जबकि बुजुर्ग माताओं को हाथ की छड़ी भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस भावनात्मक सम्मान ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक सरोकारों के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनहित से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल ने की। इस अवसर पर बृजमोहन अरोड़ा, रामकुमार प्रजापति, नरेश सहगल, शिवनाथ जादौन, अंजुम स्माइल, इरशाद, कुलदीप, सिकंदर, राहुल सहित संगठन के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रीन फील्ड स्कूल परिवार, उत्तर प्रदेश पुलिस, ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन ने महिला सुरक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में एक सशक्त सामाजिक संदेश देते हुए यह साबित किया कि समाज और पुलिस की साझी पहल से महिलाओं को अधिक सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
महिला सुरक्षा और सम्मान का महापर्व: मिशन शक्ति 5.0 के तहत ताजगंज में उमड़ा जनसैलाब, हजारों महिलाओं ने लिया बेटी-बहू सम्मेलन में हिस्सा महिला सुरक्षा कानून, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, बुजुर्ग माताओं व महिलाओं का किया गया सम्मान
