
दर्जी, हलवाई और राजमिस्त्री समेत पारंपरिक हुनर से जुड़े लाभार्थियों को मिला स्वरोजगार का सहारा
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कारीगरों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत 150 लाभार्थियों को निशुल्क टूलकिट वितरित की गई। टूलकिट पाकर कारीगरों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम में दर्जी, हलवाई, राजमिस्त्री समेत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कारीगरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके हुनर को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।
समारोह में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और जिलाधिकारी शैलेष कुमार मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में ओडीओपी और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए डेमो चेक भी प्रदान किए गए। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेकर पारंपरिक हुनर को रोजगार और कारोबार का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
