सपना प्रजापति ने भाषण प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान, अंतिमा पाल क्विज में रहीं अव्वल; पोस्टर में अंशुप्रिया ने मारी बाजी
संवाददाता : प्रिन्स गुप्ता, भदोही
भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण, क्विज और पोस्टर प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। प्रोफेसर अंशु बाला, डॉ. आनंद कुमार सिंह और डॉ. अर्चना सिंह ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान प्रोफेसर अंशु बाला और डॉ. आनंद कुमार सिंह ने भारतीय संविधान की विशेषताओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में भाषण प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सपना प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में अंतिमा पाल विजेता बनीं। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में अंशुप्रिया ने पहला, अनुराग यादव ने दूसरा और स्नेहा ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. ऋचा यादव और डॉ. ऊष्मा यादव ने किया। क्विज प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर अंशु बाला, डॉ. आनंद कुमार सिंह और डॉ. राममूर्ति शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। अंत में प्राध्यापकों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विज्ञान विभाग से डॉ. अजय कुमार यादव, डॉ. आकांक्षा कुशवाहा और डॉ. सौम्या श्रीवास्तव, संस्कृत विभाग से डॉ. ऋचा यादव और डॉ. ऊष्मा यादव तथा बीजेएमसी विभाग से डॉ. अर्चना सिंह सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।
