संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। भदोही लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने लोकसभा में नियम 377 के तहत भदोही में एक आधुनिक कारपेट म्यूजियम की स्थापना की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस म्यूजियम के बनने से विश्व प्रसिद्ध भदोही कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान को नई मजबूती मिलेगी, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोकसभा में नियम 377 के अधीन मामला उठाते हुए सांसद डॉ. बिंद ने कहा कि भदोही की कालीन बुनाई केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हजारों कारीगर और उद्यमी इस पारंपरिक कला से जुड़े हुए हैं, लेकिन आज तक ऐसा कोई संस्थान विकसित नहीं हो सका है जहां कालीन उद्योग के इतिहास, परंपरा, तकनीक और विकास यात्रा को व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भदोही विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरों प्रयागराज और काशी के मध्य स्थित है। इस कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। हाल ही में आयोजित महाकुंभ के दौरान भी करोड़ों श्रद्धालुओं का इस मार्ग से आवागमन हुआ। यदि भदोही में आधुनिक कारपेट म्यूजियम की स्थापना होती है तो यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा और भदोही की कालीन की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग को नई पहचान मिलेगी।
सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने कहा कि कारपेट म्यूजियम से स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और हस्तशिल्प उद्योग को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे कालीन उद्योग के इतिहास और उत्कृष्ट शिल्पकला का संरक्षण भी होगा तथा नई पीढ़ी को इस विरासत से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कालीन उद्योग के विकास और उसके वैश्विक विस्तार के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में भदोही में आधुनिक कारपेट म्यूजियम की स्थापना की मांग को लोकसभा में नियम 377 के तहत प्रमुखता से उठाया गया है।
