संवाददाता : पुलिस दर्पण, भदोही
भदोही, 22 जुलाई। जनसेवा और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए भदोही पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 107 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत ₹19.26 लाख बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, जनसुनवाई एवं डायल-112 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तकनीकी विश्लेषण करते हुए मोबाइल के आईएमईआई नंबर, सिम और लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 107 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, ज्ञानपुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। महीनों से गुम मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए भदोही पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है, जिससे उसके दुरुपयोग को रोका जा सके। उन्होंने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थानावार बरामद मोबाइल
ज्ञानपुर–24, गोपीगंज–16, कोईरौना–7, भदोही–13, चौरी–8, औराई–15, ऊंज–4, सुरियावां–17 तथा दुर्गागंज–3 मोबाइल बरामद किए गए। कुल 107 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।
भदोही पुलिस की यह सफलता तकनीक आधारित प्रभावी पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
