
गंभीरपुर/आजमगढ़। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को आजमगढ़ के गंभीरपुर पहुंचे। उन्होंने अवधेश मौर्य एवं मनीष मौर्य के आवास पर पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय रामसमुझ मौर्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

बताया गया कि स्वर्गीय रामसमुझ मौर्य का निधन 5 सितंबर को हुआ था। अवधेश मौर्य का विवाह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भतीजी शिप्रा मौर्य से हुआ है। पारिवारिक शोक की इस घड़ी में उपमुख्यमंत्री के पहुंचने पर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री बुधवार को सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना हुए। दोपहर करीब 12:15 बजे उनका हेलीकॉप्टर रानीपुर रजमो स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में उतरा। वहां से वह कार द्वारा गंभीरपुर स्थित अवधेश मौर्य के आवास पहुंचे।
इस दौरान दयालपुर मोड़ पर मुहम्मदपुर ब्लॉक प्रमुख विजय कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। गंभीरपुर में परिजनों से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री जिवली स्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने विनोद राय की माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
