तरुण कुमार ब्यूरो चीफ

बरेली । बरेली में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आईईटी संकाय के अंतिम वर्ष के छात्रों को स्पेशल बैक परीक्षा के माध्यम से अपनी डिग्री पूरी करने का एक और अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय ने बी.टेक., बी.फार्मा., एम.टेक., एम.टेक.-पीएचडी, एम.फार्मा., एमसीए तथा एमएससी (गणित एवं भौतिक विज्ञान) पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष (विषम एवं सम सेमेस्टर) की स्पेशल बैक परीक्षा के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी करदिया है।
परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा आवेदन 8 अगस्त, 2026 से शुरू होंगे। वे छात्र-छात्राएं जिन्होंने अंतिम वर्ष को छोड़कर अपने पाठ्यक्रम के सभी अन्य सेमेस्टर उत्तीर्ण कर लिए हैं, वे अंतिम वर्ष के लिखित एवं प्रायोगिक विषयों की स्पेशल बैक परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।
विश्वविद्यालय ने बताया कि छात्र 14 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन भरकर परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें अपने आवेदन संबंधित विभाग में जमा करने होंगे। संबंधित विभागों को 16 अगस्त, 2026 तक इन ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन पूरा करना होगा।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा आवेदन पत्रों की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय में जमा नहीं की जाएगी। सभी विभाग ऑनलाइन आवेदन सत्यापित कर उनकी प्रतियां अपने स्तर पर सुरक्षित रखेंगे। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से डिजिटल और समयबद्ध बनाना है।
