तरुण कुमार ब्यूरो चीफ
बरेली, फरीदपुर। द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (इकाई-द्वारिकेश धाम) के मिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला गन्ना अधिकारी दिलीप सैनी ने अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गन्ना सट्टा प्रदर्शन का जायजा लिया और किसानों को मानसून एवं शरदकालीन गन्नाबुआई में आधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह दी।

निरीक्षण टीम ने पचौमी, सैदापुर, शाहपुर बनियान और खानपुर गांवों का भ्रमण किया। इस अवसर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक आलोक मिश्र और सहकारी गन्ना विकास समिति फरीदपुर के सचिव सर्वेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
ग्राम शाहपुर बनियान में किसान सत्येन्द्र चौधरी के खेत पर मृदा एवं बीज शोधन के बाद ‘कोशा-18231’ प्रजाति की ट्रेंच विधि से मानसून गन्ना बुआई का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीकों, उन्नत बीज और भूमि शोधन के साथ खेती करने से उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।
दौरे के दौरान किसान सुखपाल चौधरी के खेत में शरदकालीन ‘कोशा-18231’ प्रजाति के प्रदर्शन प्लॉट का भी निरीक्षण किया गया। फसल की स्थिति उत्कृष्ट पाई गई, जिससे प्रति बीघा 80 से 90 कुंतल उत्पादन मिलने की संभावना जताई गई।
ग्राम खानपुर में अधिकारियों ने सट्टा प्रदर्शन का निरीक्षण करते हुए किसानों से सीधा संवाद किया। किसानों ने अधिकारियों को बताया कि उनकी समस्याओं कासमाधान समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
इस अवसर पर चीनी मिल के गन्ना विभागाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार उपाध्याय ने किसानों से उन्नत एवं अनुशंसित गन्ना प्रजातियों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने जानकारी दी कि मिल क्षेत्र में उच्च उत्पादन क्षमता वाली गुणवत्तापूर्ण गन्ना प्रजातियों का बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कार्यक्रम में चीनी मिल के अधिकारी हर्षवर्धन और क्षेत्राधिकारी अरविन्द खोखर भी मौजूद रहे।
