
शिव मंगलम गार्डन में होगा आयोजन, कॉमेडी किंग बाबू गप्पी की हास्य प्रस्तुति रहेगी मुख्य आकर्षण
आगरा जिला ब्यूरो नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। ताजगंज की ऐतिहासिक रामबारात से जुड़ी भव्य जनकपुरी का आयोजन इस बार ग्राम धांधूपुरा में किया जा रहा है। जनकपुरी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आगामी 9 और 10 अक्टूबर को शिव मंगलम गार्डन में जनकपुरी का भव्य आयोजन होगा। दो दिवसीय आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला सजाई जाएगी।
जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने बताया कि इस बार जनकपुरी को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जनकपुरी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।
बाबू गप्पी की हास्य प्रस्तुति लगाएगी मनोरंजन का तड़का
जनकपुरी आयोजन का प्रमुख आकर्षण आगरा के प्रसिद्ध कॉमेडी किंग बाबू गप्पी रहेंगे। उनकी हास्य प्रस्तुति से आयोजन स्थल पर हंसी और ठहाकों की गूंज सुनाई देगी। समिति की ओर से बताया गया कि धार्मिक वातावरण के साथ लोगों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
आयोजन को लेकर समिति पदाधिकारियों ने बताया कि जनकपुरी को सफल और भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस संबंध में जनकपुरी समिति के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, जनक साहूकार सिंह, महासचिव जयपाल चौधरी, महासचिव स्वयंवर सिंह चौधरी तथा मीडिया प्रभारी निर्मल गुप्ता ने संयुक्त रूप से आयोजन की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जनकपुरी महोत्सव की भव्यता बढ़ाने की अपील की।
