सहारनपुर, देवबंद। गांधी कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शिवा की हत्या ने पूरे देवबंद को झकझोर कर रख दिया है। गरीब परिवार के इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा है, जबकि परिजन और स्थानीय लोग इंसाफ की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पर डटे हुए हैं। शव का अंतिम संस्कार अभी नहीं किया गया है।

परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शिवा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पिता मजदूरी कर किसी तरह घर का पालन-पोषण करते हैं।
गरीबी के कारण शिवा को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी और परिवार का सहारा बनने के लिए हलवाई का काम शुरू कर दिया। कम उम्र में ही उसने अपने सपनों को छोड़कर माता-पिता की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
