
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 16 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आजमगढ़ भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित करने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 16 सितंबर, बुधवार को थाना गंभीरपुर क्षेत्र के ग्राम गंभीरपुर तथा थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम जिवली में आगमन एवं भ्रमण करेंगे। उनके कार्यक्रम के दौरान दोनों कार्यक्रम स्थलों से पांच किलोमीटर की परिधि में सभी प्रकार के ड्रोन की उड़ान एवं संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने यह आदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ के पत्र के क्रम में जारी किया है। आदेश में बताया गया है कि जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 पहले से प्रभावी है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नो-फ्लाइंग जोन संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उपमुख्यमंत्री के वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
