एटा। जनपद पुलिस की साइबर सेल, सर्विलांस सेल एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विभिन्न कंपनियों के 101 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए।
बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने एटा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में गुम हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सकीट एवं साइबर अपराध नीतीश गर्ग के नेतृत्व में साइबर सेल, सर्विलांस सेल एवं जनपद के समस्त थाना प्रभारियों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया।

मोबाइल फोनों की लोकेशन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उन्हें बरामद कर वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया।अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में सीईआईआर पोर्टल गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी का अत्यंत प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। तकनीकी सर्विलांस, डिजिटल विश्लेषण तथा विभिन्न जनपदों एवं राज्यों की पुलिस के समन्वय से लगातार बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एटा पुलिस अब तक 905 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप चुकी है, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।उन्होंने कहा कि कई मामलों में मोबाइल फोन जनपद से बाहर अथवा अन्य राज्यों में सक्रिय पाए गए, जिन्हें संबंधित पुलिस इकाइयों के सहयोग से ट्रेस कर सुरक्षित बरामद किया गया। बरामदगी के बाद सभी मोबाइलों का सत्यापन कर विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया।मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने एटा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने खोए हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की तकनीकी दक्षता और सतत प्रयासों के कारण उनके मोबाइल वापस मिल सके।एटा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर विलंब न करते हुए तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। साथ ही संबंधित सिम कार्ड तुरंत बंद कराकर पुनः जारी कराएं तथा मोबाइल का आईएमईआई (IMEI) नंबर सुरक्षित रखें।
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, संदिग्ध कॉल अथवा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल की बरामदगी की संभावना कई गुना बढ़ जाती है तथा उसके दुरुपयोग पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
