एटा। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी एवं जनपद के प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत के एटा आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर तथा उत्साहपूर्ण नारों के बीच भव्य स्वागत किया।
इसके उपरांत भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।बैठक को संबोधित करते हुए ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा एवं तकनीकी दृष्टि से सबसे सशक्त राजनीतिक संगठन है।

उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्यकर्ता संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों तथा कार्यप्रणाली से निरंतर जुड़े रह सकते हैं, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में पारदर्शिता, गति एवं प्रभावशीलता आएगी।
उन्होंने आगामी 22 जुलाई को सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता, तो चुनाव जीता। 22 जुलाई का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संगठन की जमीनी शक्ति का परिचायक बनेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण एवं ऊर्जा के साथ इसकी सफलता सुनिश्चित करे।
प्रभारी मंत्री कैलाश राजपूत ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता और सरकार के मध्य प्रभावी सेतु बनकर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी एटा को सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों के साथ कथित शोषण की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।बैठक के दौरान विधान परिषद सदस्य आशीष यादव ‘आशु’ के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं एवं दीर्घायु की मंगलकामनाएं दीं।
अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, विधान परिषद सदस्य आशीष यादव, सदर विधायक विपिन वर्मा ‘डेविड’, पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष संतोष चौहान, राहुल गुप्ता, आशीष राजपूत, जितेंद्र दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा, सचिन उपाध्याय, राधेश्याम धनगर, कुशल खितौलिया, विनीत भारद्वाज, दुलारे सिंह भदौरिया, सीमा वार्ष्णेय, धीरेंद्र चौहान, अंकित चौहान, रमेश श्योराई, मंजू वर्मा, नम्रता राजपूत, नितिन गुप्ता, कौशिक राजपूत, आकाश गुप्ता, अमित मोदी, अंशुल चौहान, अम्बरीश सिकरवार, ममता सिंह, राजीव चौहान, हरेंद्र राजपूत, देवलाल लोधी, देव सोलंकी, निर्मल धनगर, मयंक उपाध्याय, गौरव शर्मा, हर्ष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
