नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा । आगरा के थाना सदर बाजार पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लूटा गया मोबाइल फोन, मोबाइल के पार्ट्स और ₹570 नकद बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई की रात पीड़ित खेरिया मोड़ से कागारौल जाने के लिए ऑटो में बैठा था। ऑटो चालक उसे अजीजपुर होते हुए सोहराल रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान स्थान पर ले गया, जहां चालक और उसके साथियों ने चाकू दिखाकर मोबाइल फोन और ₹1,500 लूट लिए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 23 जुलाई को सौहल्ला रेलवे अंडरपास के पास से सोना मोना और प्रिन्स को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लूटा गया मोबाइल, मोबाइल की मदरबोर्ड, अन्य पार्ट्स और ₹570 बरामद किए गए।
फरार आरोपी शिवम राठौर की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। कार्रवाई थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
