70 बच्चों को दिए गए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए भदोही पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नया जीवन फेज-2’ के तहत शनिवार को 70 बच्चों को जरूरी दस्तावेज दिए गए। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक शामिल हैं। अभियान के तहत अब तक कुल 123 बच्चों को जरूरी दस्तावेज मिल चुके हैं।

थाना भदोही परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बच्चों और उनके परिवार के लोगों को दस्तावेज सौंपे। इससे पहले अभियान के पहले चरण में 53 बच्चों को ये दस्तावेज दिए जा चुके हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जरूरी कागज नहीं होने से कई बच्चों को स्कूल में पढ़ाई, छात्रवृत्ति, बैंक की सुविधा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। पुलिस का प्रयास है कि ऐसे बच्चों को उनकी पहचान के साथ सभी जरूरी सुविधाओं से जोड़ा जाए।
उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और नियमित स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत ऐसे और बच्चों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जरूरी दस्तावेज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
पुलिस ने समाज के लोगों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से भी ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष पीसी उपाध्याय, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, इन्द्रभूषण यादव, प्रभारी निरीक्षक भदोही शैलेन्द्र कुमार राय, श्रम विभाग से इन्द्रजीत तिवारी, मनोज पाल समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
