संवाददाता : प्रिंस गुप्ता पुलिस दर्पण भदोही
भदोही। जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना औराई पुलिस एवं स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में मेरठ के दो अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 11/12 जुलाई की रात माधोसिंह स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) से छत की ग्रिल काटकर ₹4.80 लाख की चोरी की घटना में वांछित थे।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों की घेराबंदी के दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत सामान्य है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान पुत्र बाबू निवासी समर गार्डेन कॉलोनी, थाना लिसाड़ीगेट, जनपद मेरठ तथा शाकिर उर्फ अण्डा पुत्र यासीन निवासी दरबार मोहल्ला, कस्बा लावड़, थाना इंचौली, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, 4.84 ग्राम हीरोइन, तीन मोबाइल फोन तथा चोरी की रकम में से बची ₹3,600 नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के बाद ₹20 हजार कार किराये पर लेने, ₹10 हजार खाने-पीने, ₹33 हजार की हीरोइन खरीदने तथा शेष धनराशि होटल, मौज-मस्ती और अन्य खर्चों में खर्च कर दी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए हमेशा अवैध हथियार साथ रखते थे। घटना के दिन भी वे नई चोरी की योजना बनाकर क्षेत्र में घूम रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार इमरान पर विभिन्न जनपदों में पांच तथा शाकिर उर्फ अण्डा पर दस आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध थाना औराई में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना औराई पुलिस तथा स्वाट टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
