सहारनपुर । आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनारहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया। मंगलवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के चिकित्सकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक में कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा शिविरों की स्थापना, पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाओं और प्राथमिक उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने चिकित्सकों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने दुर्घटना या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में गोल्डन आवर के दौरान त्वरित उपचार, मजबूत रेफरल व्यवस्था तथा सभी संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में चिकित्सकों से कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।
मुख्य बिंदु:-
IMA चिकित्सकों के साथ प्रशासन की अहम बैठक।
कांवड़ मार्ग पर मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस व्यवस्था होगी मजबूत। जीवनरक्षक दवाओं व पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की होगी उपलब्धता। आपात स्थिति में त्वरित उपचार और रेफरल सिस्टम पर विशेष जोर। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों के बीच समन्वय से होगी बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा।
