बच्चों की काउंसलिंग कर सुरक्षित स्थान पर भेजा, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
आगरा ब्यूरो नरेश कुमार
आगरा । आगरा के खंडारी चौराहे और आसपास के क्षेत्र में शनिवार को जिला बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चले अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर असुरक्षित एवं प्रतिकूल परिस्थितियों में रह रहे लोगों और बच्चों को चिन्हित किया गया। टीम ने उनकी काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में अभियान
अभियान का नेतृत्व जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने किया। टीम ने मौके पर मौजूद बच्चों और जरूरतमंद लोगों से बातचीत कर उनकी परिस्थितियों की जानकारी ली। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, संरक्षण व्यवस्था और पुनर्वास संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव बताए
रेस्क्यू अभियान के दौरान बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने बच्चों को नशे से दूर रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन और अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस और बाल संरक्षण टीम रही मौजूद
अभियान में एएचटी टीम के निरीक्षक एवं सदस्य, संरक्षण अधिकारी ऋतु वर्मा इंडोलिया, चाइल्ड हेल्पलाइन, समाज कल्याण विभाग से मनोज कुमार सहित पुलिस और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आगे भी नियमित होंगे रेस्क्यू अभियान
जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर असुरक्षित परिस्थितियों में रहने वाले व्यक्तियों और बच्चों की सुरक्षा, नशे से बचाव एवं पुनर्वास के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। जरूरतमंदों को संरक्षण और काउंसलिंग उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
